12 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा, 85 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
12 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा, 85 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर जफराबाद एक साल में पैसा दोगुना करने का लालच देकर 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने मंगलवार सुबह हौज तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। इतनी बड़ी ठगी की घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार बैजाबाद गांव निवासी कमला प्रसाद चौहान पुत्र स्वर्गीय फागू चौहान ने अपना खेत बेचकर प्राप्त की गई बड़ी रकम यूनियन बैंक के खाते में जमा की थी। इसी दौरान उनके रिश्तेदार अर्जुन चौहान पुत्र कृष्णमुरारी चौहान निवासी पचोखर, थाना लाइनबाजार ने उनसे छलकपट किया।
अर्जुन चौहान ने एक वर्ष में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर कुल 85 लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इसमें से 20 लाख रुपये RTGS के माध्यम से और शेष 65 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में नकद निकलवाए गए।
ठगी को छिपाने के लिए आरोपी ने अपने परिचित इस्माइल अहमद पुत्र मुमताज अहमद निवासी अहमद खां मंडी, थाना कोतवाली जौनपुर की मदद से SBI की फर्जी FD थमा दी। लगभग छह माह बाद जब पीड़ित ने रुपये की रसीद मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
शक होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और मंगलवार को मुंबई भागने की फिराक में लगे अर्जुन चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर 85 लाख रुपये की ठगी की है। मामले में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा ऑनलाइन जुए में बड़ी रकम उड़ाने की आशंका है। मामले की गहन जांच की जा रही है।




