मारपीट के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
मारपीट के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत जौनपुर।मारपीट के बाद रंजिश में एक युवक ने मौका पाकर पड़ोसी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
घटना केराकत कोतवाली क्षेत्र के घुरहूपुर गांव की है। गांव निवासी रजनीश सरोज (18) पुत्र विजय सरोज का गुरुवार सुबह पड़ोसी युवक अंश सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया था।
बताया जा रहा है कि इसके बाद भी आरोपी युवक अंश सिंह रजनीश को तलाशता रहा। शाम के तीसरे पहर जब रजनीश अपने घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर खड़ा था, तभी आरोप है कि अंश सिंह ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है।




