प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाली पिंकी माली का मुंबई में अंतिम संस्कार, पैतृक गांव जौनपुर में पसरा मातम
प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाली पिंकी माली का मुंबई में अंतिम संस्कार, पैतृक गांव जौनपुर में पसरा मातम

न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुर।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए भीषण विमान हादसे में जान गंवाने वाली क्रू मेंबर पिंकी माली का बुधवार को मुंबई में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान परिजन, रिश्तेदारों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। नम आंखों से सभी ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
हादसे की खबर जैसे ही उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले स्थित पिंकी माली के पैतृक गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम पसर गया। हर चेहरा गमगीन नजर आया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया गया कि पिंकी माली उप मुख्यमंत्री अजित पवार के विमान में क्रू मेंबर के तौर पर तैनात थीं। हादसे के समय विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी तकनीकी खराबी के चलते वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पिंकी माली समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी।
पिंकी माली की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि पिंकी बेहद मेहनती, जिम्मेदार और अपने परिवार का मजबूत सहारा थीं। उनकी असमय मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
फिलहाल विमान हादसे की जांच जारी है। नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। वहीं, इस दुखद घटना पर कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।




