Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
यूपीलखनऊ

राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने बापू को किया नमन

जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण, सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलने का किया आह्वान

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

लखनऊ, 30 जनवरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धा और सम्मान से भरे वातावरण में मुख्यमंत्री ने कुछ क्षण का मौन रखकर राष्ट्रपिता को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आमजन से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बापू के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा—

“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा, संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।”

भजनों से गूंजा श्रद्धांजलि समारोह

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर स्वर-लहरियों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने एकाग्रता के साथ लगभग 15 मिनट तक भजनों को सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरान उन्होंने गांधी प्रतिमा के समक्ष स्कूली बच्चों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।

विशिष्टजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गांधी जी के चित्र व प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!