
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेजगढ़ इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, खुनदनपर गांव निवासी शेष नारायण पटेल का 25 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार पटेल रविवार को बाइक से बाजार गया था। लौटते समय तेजगढ़ के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।




