बीकॉम के छात्र ने किराए के कमरे में लगाई फांसी, क्षेत्र में मचा हड़कंप
बीकॉम के छात्र ने किराए के कमरे में लगाई फांसी, क्षेत्र में मचा हड़कंप

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी रोहनिया।स्थानीय थाना क्षेत्र के भदवर पुलिस चौकी अंतर्गत खुशीपुर गांव स्थित एक लॉज में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बीकॉम प्रथम वर्ष के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जनपद के दुद्धी निवासी सत्येंद्र सिंह का 20 वर्षीय पुत्र अस्मित सिंह (कुछ लोगों द्वारा अश्वित के नाम से भी पुकारा जाता था) खुशीपुर स्थित एसएमएस कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। वह खुशीपुर गांव में गुड्डन श्रीवास्तव के मकान में किराए का कमरा लेकर रह रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालकिन पूनम श्रीवास्तव को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा व थाना प्रभारी राजू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां छात्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




