धोखाधड़ी के मामले में नामजद लिपिक विधिचन्द यादव को पदोन्नति, विभाग में चर्चाओं का बाजार गर्म
धोखाधड़ी के मामले में नामजद लिपिक विधिचन्द यादव को पदोन्नति, विभाग में चर्चाओं का बाजार गर्म

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। शिक्षा निदेशक बेसिक, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा जारी पदोन्नति एवं स्थानांतरण सूची के बाद विभागीय हलकों में हलचल तेज हो गई है। सूची के अनुसार 42 वरिष्ठ सहायकों को प्रधान सहायक पद पर पदोन्नत करते हुए विभिन्न जनपदों में तैनाती दी गई है।
इसी क्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय, आजमगढ़ में तैनात विधिचन्द यादव को प्रधान सहायक पद पर पदोन्नत करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय, गोरखपुर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि 10 फरवरी को जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ की ओर से शहर कोतवाली में विधिचन्द यादव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। ऐसे में गंभीर आरोपों के बीच मिली इस पदोन्नति को लेकर विभागीय गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, राष्ट्रीय बालिका इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में तैनात शिशिर कुमार सिंह को भी प्रधान सहायक पद पर पदोन्नत करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, बलिया में नई तैनाती दी गई है।
पिछले दो दिनों से आरोप-प्रत्यारोप के चलते चर्चा में रहे विधिचन्द यादव के लिए यह पदोन्नति जहां एक ओर उपलब्धि मानी जा रही है, वहीं दर्ज मुकदमे के कारण इसे मिश्रित प्रतिक्रिया के रूप में भी देखा जा रहा है। जनपद में उनके कार्यकाल को लेकर पहले भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
फिलहाल, पदोन्नति एवं स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी नई तैनाती की तैयारियों में जुट गए हैं। मामले को लेकर विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर नजर बनी हुई है।




