दो साल की मासूम की संदिग्ध मौत, नाली में मिला शव — पड़ोसी महिला पर हत्या का आरोप
दो साल की मासूम की संदिग्ध मौत, नाली में मिला शव — पड़ोसी महिला पर हत्या का आरोप

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदौली मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो साल की मासूम बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाली में मिला। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली एक किरायेदार महिला पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार जलीलपुर निवासी सीताराम पासवान की बेटी रैना की शादी मिर्जापुर जनपद के अदलहाटा थाना क्षेत्र स्थित बाराडीहा निवासी भानूप्रताप से हुई है। रैना अपनी दो वर्षीय पुत्री चेतना उर्फ राधा के साथ 10 फरवरी को मायके जलीलपुर आई थी। वह अपनी सहेली सुष्मिता की शादी में शामिल होने आई थी।
रविवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला उसे गोद में लेकर खेला रही थी। परिजनों का कहना है कि शाम करीब चार बजे बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब आसपास पूछताछ की गई तो संबंधित महिला ने बच्ची के पास होने से इनकार कर दिया।
कुछ समय बाद गांव में ही राजेश गुप्ता के घर के सामने नाली में बच्ची का शव पड़ा मिला। यह दृश्य देख परिजनों समेत ग्रामीण स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही मुगलसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृत बच्ची की मौसी निक्की ने आरोप लगाया है कि सामने वाले घर में रहने वाली किरायेदार महिला ने ही बच्ची की हत्या की है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और लोग मासूम की मौत से गमगीन हैं।




