दो साल से 6 लाख रुपये का भुगतान लंबित, महिलाओं ने पीएम जनसंपर्क कार्यालय में की शिकायत
दो साल से 6 लाख रुपये का भुगतान लंबित, महिलाओं ने पीएम जनसंपर्क कार्यालय में की शिकायत

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शनिवार को वाराणसी स्थित प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय में उस समय हंगामे जैसी स्थिति बन गई, जब रामापुरा निवासी सोनी गुप्ता दर्जन भर से अधिक महिलाओं के साथ शिकायत लेकर पहुंचीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनसे कार्य कराने के बाद भी करीब दो वर्षों से उन्हें मेहनताना नहीं दिया गया है।
पीड़िता सोनी गुप्ता ने बताया कि मुगलसराय निवासी अभिषेक पांडे और रितेश पांडे द्वारा महिलाओं को कार्य के लिए बुलाया गया था। शुरुआत में आरोपितों ने एक-दो दिन में भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन समय बीतते-बीतते करीब दो साल गुजर गए और अब तक लगभग छह लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया है।
महिलाओं का कहना है कि पहले उन्हें ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक दिए गए थे, जो पीछे से टेप लगे होने के कारण क्लियर नहीं हो सके। इस संबंध में शिकायत करने पर आरोपितों ने 5 लाख 80 हजार रुपये का एक और चेक दिया, जो बाद में बाउंस हो गया।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, घटना के बाद वे लगातार अपने भुगतान की मांग करती रहीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। हाल ही में उन्हें जानकारी मिली कि दोनों आरोपित चुनार क्षेत्र में गुप्त रूप से शूटिंग का कार्य कर रहे हैं। इसी के बाद महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय पहुंचीं।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे चुनार जाकर सीधे आरोपितों से अपने पैसे की मांग करेंगी। उनका कहना है कि लंबे समय से मेहनताना न मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं।
पीड़ित महिलाओं ने प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप कर मामले में न्याय दिलाने और बकाया मेहनताना दिलाने की मांग की है। शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




