
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रतिरूपण (इम्पर्सनेशन) का गंभीर मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र स्थित उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज, कोयलसा में सोमवार को आयोजित अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान एक युवक अपने सगे भाई के स्थान पर परीक्षा देते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को हाईस्कूल परिषद परीक्षा 2026 के अंतर्गत अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न हो रही थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह द्वारा उपस्थिति पत्रक का मिलान किया जा रहा था। इसी क्रम में प्रवेश पत्र एवं उपस्थिति विवरण में संदिग्ध अंतर पाया गया।
गहन जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि परीक्षार्थी आशीष कुमार पुत्र भूपत, निवासी ग्राम सम्मोपुर पोस्ट गोपालपुर, पल्हनी थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के स्थान पर उसका सगा भाई पंकज कुमार पुत्र भूपत परीक्षा दे रहा था। पूछताछ में पहचान की पुष्टि होने के बाद परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणधीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को लिखित तहरीर देकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं में नकल और प्रतिरूपण की घटनाओं पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



