जौनपुर में सड़क हादसा: 75 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, परिवार में कोहराम
जौनपुर में सड़क हादसा: 75 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, परिवार में कोहराम

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नगर के हुसैनाबाद मोहल्ले में रहने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बदलापुर क्षेत्र के निवासी वीरेंद्र प्रताप अस्थाना इन दिनों जौनपुर नगर के हुसैनाबाद मोहल्ले में रह रहे थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह किसी आवश्यक कार्य से लाइन बाजार थाना क्षेत्र के वाजिदपुर स्थित पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन रात में ही उन्हें वाराणसी ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात लगभग डेढ़ बजे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




