Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

जनपद स्तरीय पाक-कला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, रसोइयों ने दिखाया हुनर

जनपद स्तरीय पाक-कला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, रसोइयों ने दिखाया हुनर

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर। दिनांक 16-02-2026 को जनपद स्तरीय पाक-कला प्रतियोगिता का आयोजन डायट जौनपुर के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी रहे। दोनों अतिथियों ने माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत सभी रसोइयों को विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री से एमडीएम (मिड डे मील) तैयार करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित मेन्यू के अनुसार रोटी एवं सब्जी बनानी थी, जिसे प्रतिभागियों ने अपने-अपने ढंग से स्वादिष्ट एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।

निर्णायक मंडल द्वारा भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन कर अंक प्रदान किए गए। परिणामस्वरूप प्रथम पुरस्कार संतरा देवी (उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी, विकासखंड शाहगंज) को प्राप्त हुआ। द्वितीय पुरस्कार मीना गौड़ (इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय चकताली, विकासखंड सिरकोनी) तथा तृतीय पुरस्कार निशा देवी (कम्पोजिट विद्यालय आदर्श केराकत, जौनपुर) को प्रदान किया गया।

विजेताओं को क्रमशः ₹3500, ₹2500 एवं ₹1500 की नगद धनराशि एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य 27 रसोइयों को ₹300 का सांत्वना पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को ₹300 मार्ग व्यय प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्री विनीत सेठ, फर्म गहना कोठी प्रतिष्ठान द्वारा सभी 30 रसोइयों को एक-एक साड़ी भेंट स्वरूप प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने अपने उद्बोधन में संस्कार एवं पोषण पर विशेष बल देते हुए कहा कि स्वस्थ भोजन से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। विद्यालय स्तर पर कार्यरत रसोइयों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सुझाव दिया कि भोजन में हरी सब्जियों के साथ-साथ सहजन, नींबू, करौंदा एवं आंवला जैसी आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर सामग्री का भी प्रयोग किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने रसोइयों को बेसिक शिक्षा विभाग में “पोषण की जननी” बताते हुए उनके परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है।

प्रतियोगिता में जनपद के कुल 30 रसोइयों ने प्रतिभाग कर अपनी पाक-कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान वितरण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!