कार ने बाइक को मारी टक्कर, पिता की मौत, पुत्र घायल
कार ने बाइक को मारी टक्कर, पिता की मौत, पुत्र घायल

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर, जफराबाद। क्षेत्र के अहमदपुर रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार देर रात एक तेज़ रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका 30 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर क्षेत्र के राजेपुर गांव निवासी हौसिला प्रसाद मिश्र अपने पुत्र मुकेश मिश्र के साथ दवा लेने ट्रेन से लखनऊ गए थे। उन्होंने अपनी बाइक जफराबाद स्टेशन पर खड़ी की थी। शुक्रवार रात लौटते समय स्टेशन से बाइक लेकर घर जा रहे थे, तभी अहमदपुर रेलवे क्रासिंग के पास एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से दोनों को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने हौसिला प्रसाद मिश्र को मृत घोषित कर दिया। घायल पुत्र मुकेश मिश्र का उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों द्वारा शनिवार सुबह दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार की तलाश शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




