कुत्तों के विवाद में चली गोली, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पालतू कुत्ता गंभीर घायल

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र में कुत्तों के विवाद को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज घटना में चलाई गई गोली युवक को न लगकर उसके पालतू कुत्ते को लग गई, जिससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 02 फरवरी की रात्रि ग्राम बस्ती भुजवल में घटित हुई थी, जहां कुत्तों के विवाद को लेकर अभियुक्त दीपक चौबे व उसके एक साथी ने अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अहरौला में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त की तलाश शुरू की गई थी।
सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने करनपुर–इशहाकपुर पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त दीपक चौबे को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से .32 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।




