ओवरटेकिंग में कार की टक्कर से दादा-पोता गंभीर, चालक हिरासत में
ओवरटेकिंग में कार की टक्कर से दादा-पोता गंभीर, चालक हिरासत में

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदवक। जौनपुर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दादा-पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदवक (कोटवा) निवासी अमरनाथ यादव (55) बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने दो वर्षीय पोते विराट यादव को बाइक पर बैठाकर दानगंज बाजार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चंदवक बाजार से पहले अहिरौली गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक कार ने ओवरटेकिंग के दौरान उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।https://youtu.be/anYqX13F0L0?si=Odz4CjYCz2aGiyu2
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अमरनाथ यादव और उनके पोते को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को सीएचसी डोभी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हैं, जहां दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




