
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भगेरी गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पंचायत भवन में रखे एक ड्रम के अंदर चार वर्षीय मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगेरी गांव निवासी बृजेश यादव का चार वर्षीय पुत्र ओम यादव शुक्रवार दोपहर घर के पास खिलौनों से खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक बच्चे के न मिलने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो रामपुर थाना पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गांव में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। परिजनों द्वारा बताए गए संभावित स्थानों के साथ पंचायत भवन की भी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पंचायत भवन में रखे एक ड्रम को खोलकर देखा गया, जहां उसके अंदर मासूम ओम यादव का शव मिला।
पुलिस ने तत्काल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चा पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल के पास खेलते या झांकते समय अनजाने में ड्रम में गिर गया होगा, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।




