
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक। जौनपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर छावनी में शनिवार को पशु तस्करों का पीछा करते समय उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कॉर्पियो सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी फरार हो गए। घटना में प्रयुक्त काली रंग की स्कॉर्पियो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुज्जी-केराकत मार्ग से केराकत की ओर पशु तस्कर गौवंश लादकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान केराकत की ओर से एक पिकअप वाहन गौवंश लादकर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर पिकअप वाहन देवलासपुर मोड़ से हरिहरपुर की ओर मुड़ गया।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर एक काली स्कॉर्पियो दोनों वाहनों के बीच आ गई, जिसमें तस्करों के साथी सवार थे। हरिहरपुर छावनी के पास पुलिया पर पहुंचते ही स्कॉर्पियो सवारों ने वाहन खड़ा कर दिया, जिससे पिकअप चालक गौवंश सहित फरार हो गया। जब पुलिस स्कॉर्पियो सवारों को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो तस्करों ने तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया और पैदल भागने लगे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य चार फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र पुटुन्नी नौना, निवासी देहरी, केराकत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से काली स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया है। फरार पिकअप वाहन और अन्य तस्करों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




