
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। थाना सिकरारा पुलिस और एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तस्करी की जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है। पुलिस ने करीब 01 करोड़ रुपये कीमत की 435 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सिकरारा के नेतृत्व में सिकरारा पुलिस टीम व एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान आयुष्मान आरोग्य उपकेन्द्र सिकरारा के पास एक आईसर डीसीएम वाहन (संख्या UK06CB6696) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से राजधानी व्हिस्की 750 एमएल की कुल 5220 बोतलें बरामद हुईं, जो 435 पेटी में रखी गई थीं। कुल मात्रा लगभग 3915 लीटर आंकी गई है।
मौके से गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
1: पंकज पाल उर्फ टिटू पुत्र चन्द्रपाल, निवासी दीनदयाल नगर, थाना सिविल लाइन, जनपद मुरादाबाद (उम्र लगभग 22 वर्ष)
2: प्रिन्स श्रीवास्तव उर्फ सिंटु पुत्र स्व. रमेशचन्द्र श्रीवास्तव, निवासी नई बस्ती हुकुलगंज, थाना लालपुर पाण्डेयपुर, जनपद वाराणसी (उम्र लगभग 32 वर्ष)
के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है।




