
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बागमिया गांव में बुधवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना में महिलाओं व नाबालिगों समेत छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामचंद्र बिंद को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था, जिसका निर्माण कार्य चल रहा था। इसी को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने बुधवार सुबह उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में एकत्र होकर निर्माण कार्य का विरोध करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी।
हमले में रामभुवन बिंद (35), उनकी मां चिंता देवी (60), बहन सीता देवी (32), 16 वर्षीय लकी तथा दो नाबालिग किशोरियां शालू और खुशी (14 व 15 वर्ष) घायल हो गईं। सभी घायलों को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामभुवन बिंद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




