
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के राजकीय आईटीआई सिद्धिकपुर गेट के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे राजकीय आईटीआई सिद्धिकपुर गेट के सामने खाई में झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति की लाश पड़ी देखी गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगालने के साथ ही पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।




