
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। थाना सुजानगंज पुलिस टीम ने सराहनीय पहल करते हुए ग्राम उमरपुर में दो पक्षों के मध्य वर्षों से चले आ रहे जमीनी विवाद का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सफल निस्तारण कराया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा चलाए जा रहे अभियान “गाँव का झगड़ा गाँव में निपटाएं, कोर्ट-कचहरी हम क्यों जाएं” के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आतिश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर श्री सुनीलचन्द्र तिवारी के कुशल निर्देशन में थानाध्यक्ष सुजानगंज मय पुलिस टीम द्वारा गाँव में चौपाल लगाकर विवाद का समाधान कराया गया।
विवाद ग्राम उमरपुर निवासी प्रथम पक्ष श्री बुद्धनारायण मिश्र पुत्र स्व. कमला प्रसाद मिश्र एवं अन्य तथा द्वितीय पक्ष सुभाषचन्द्र व भोलानाथ पुत्रगण जमुना प्रसाद एवं अन्य के मध्य गाटा संख्या 225 (0.077 हेक्टेयर) भूमि को लेकर कई वर्षों से चला आ रहा था। इस संबंध में माननीय न्यायालय में वाद संख्या 678/018 विचाराधीन था, वहीं मारपीट के मामले में थाना सुजानगंज पर मुकदमा संख्या 138/2025 धारा 191(2), 352, 351(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत था।
विवाद को लेकर पूर्व में सैकड़ों प्रार्थना पत्र एवं आईजीआरएस शिकायतें दर्ज की गई थीं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को बुलाया और आपसी बातचीत के माध्यम से बिना किसी दबाव के रजामंदी से सुलहनामा तैयार कराया। दोनों पक्षों एवं गवाहों द्वारा शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किए गए तथा भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद न करने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को माननीय न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल कर वाद वापस लेने की भी हिदायत दी गई। वर्षों पुराने विवाद के शांतिपूर्ण समाधान पर ग्रामवासियों ने पुलिस की भूमिका की भूरी-भूरी प्रशंसा की।




