
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। 16 फरवरी 2026। टी.डी. कॉलेज जौनपुर के 65वें वार्षिक खेलकूद समारोह का आयोजन महाविद्यालय के उमानाथ सिंह स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को आशीर्वचन प्रदान किया और कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का निर्माण होता है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे टीडी कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को शिक्षा, कला, साहित्य और खेल सहित अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जनपद जौनपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच और उचित मार्गदर्शन देने की है।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा राष्ट्र और जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से परिसर में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।




