Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
आज़मगढ़यूपी

2027 में आजमगढ़ की सभी सीटें जीतेगी सपा: शिवपाल यादव

भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा—महिलाएं सुरक्षित नहीं, महंगाई से जनता परेशान

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता

आजमगढ़। शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी आजमगढ़ जिले की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में Akhilesh Yadav के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी।
रविवार को आजमगढ़ के सठियांव क्षेत्र में पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करेली के आवास पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला।
दरअसल, 22 फरवरी को आजमगढ़ में आयोजित एक रैली में ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा और समाजवादी पार्टी की स्थिति 2017 से भी खराब हो जाएगी। इस पर पलटवार करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि छोटे स्तर के लोगों के बयान का जवाब देना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज ओमप्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी की वजह से ही विधायक हैं और आने वाले चुनाव में उन्हें वास्तविकता का पता चल जाएगा। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी इतनी ही मजबूत है तो सीधे ओमप्रकाश राजभर को ही प्रधानमंत्री बना देना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, जबकि सरकार रात में सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है। उन्होंने भाजपा के नारे “सबका साथ, सबका विश्वास” पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने किसी को भी विश्वास में नहीं लिया, यहां तक कि विपक्ष को भी नहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा भी पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
इस दौरान ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुकतेश्वरआनन्द सरस्वती पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, लेकिन न्यायालय से ही न्याय मिलेगा।
वहीं नितीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम लोग उन्हें दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन वे राज्यसभा जाकर ही खुश हो गए।
शिवपाल यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों से आम जनता परेशान है। ऐसे में समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत कर 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!