
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरगंज व मछलीशहर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार देर रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी अंतरजनपदीय गौ तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10:45 बजे मीरगंज थाना पुलिस गोधना बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि दो संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से बंधवा बाजार की ओर से जंघई की तरफ भाग रहे हैं, जिनका पीछा मछलीशहर पुलिस कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी तेज कर दी।
ग्राम सभा चौकी खुर्द क्षेत्र में कंपोजिट विद्यालय के पास पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान आरिफ (32 वर्ष) पुत्र मैनुद्दीन निवासी लमहन थाना महराजगंज, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बरामदगी:
01 तमंचा (0.315 बोर)
01 जिंदा कारतूस (0.315 बोर)
01 खोखा कारतूस
01 मोटरसाइकिल (हीरो सुपर स्प्लेंडर)
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह पिकअप चोरी और पशु चोरी के मामलों में वांछित चल रहा था और काफी समय से फरार था। थाना मीरगंज से उस पर 25,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार साथी की तलाश जारी है।
खास बात:
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गौ तस्करी जैसे संगठित अपराध पर अंकुश लगने की उम्मीद है




