
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदवक जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में आवास योजना दिलाने का झांसा देकर एक महिला से ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चंदवक क्षेत्र के ग्राम मढ़ी मठिया निवासी शीला चौहान पुत्री स्व. लाल बहादुर चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 11 मार्च 2026 को घर से पतरही बाजार घरेलू सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान शाम करीब 3 बजे बाजार में एक युवक और एक महिला सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उसके पास पहुंचे।
दोनों ने खुद को परिचित बताते हुए कहा कि वे उसके घर गए थे, जहां उसकी भतीजी सोना चौहान से मुलाकात हुई थी और उसी ने बताया कि वह बाजार आई हुई है। इसके बाद आरोपियों ने महिला को बताया कि उसका प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास पास हो गया है और उसे पांच लाख रुपये मिलेंगे। लेकिन चेक लेने के लिए 26 हजार रुपये जमा करने होंगे।
झांसे में आकर पीड़िता उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठ गई। आरोपियों ने उसे खानपुर की तरफ एक पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे ले जाकर पैसे मांगे। पीड़िता के पास मौजूद 5 हजार रुपये नगद, कान की बाली और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन (IMEI नंबर सहित) ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को सड़क पर उतार दिया और थोड़ी देर में आने की बात कहकर फरार हो गए।
काफी देर तक आरोपियों के वापस न आने पर पीड़िता घर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को पूरी घटना बताई। तब लोगों ने बताया कि वह ठगी का शिकार हो गई है। इसके बाद शाम करीब 6 बजे पीड़िता ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को थाने जाकर लिखित तहरीर देने की सलाह दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।




