
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी/ चोलापुर। चोलापुर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण, दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि 15 मार्च को पड़ोसी गांव मुर्दी (थाना सिंधौरा) निवासी आरोपी रविन यादव बहाने से छात्रा को मुगलसराय ले गया। वहां एक कमरे में बंधक बनाकर उसने असलहे के दम पर छात्रा को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने इस दौरान छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
वीडियो दिखाकर बनाया दबाव
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गांव के कुछ युवकों को वह वीडियो दिखा दिया। इससे डरी-सहमी छात्रा ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी घटना बताई
परिजनों का आरोप: पुलिस ने पहले टाला मामला
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने पहले गंभीरता नहीं दिखाई और उन्हें भगा दिया।लेकिन जैसे ही मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और जनदबाव बढ़ा, पुलिस हरकत में आई।चोलापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष दीपक कुमार के अनुसार:
“नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।”
इलाके में आक्रोश, न्याय की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।




