
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने यज्ञ स्थल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह महायज्ञ स्वामी जीयर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा था, जिसमें उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता भी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
किसी बड़े नुकसान या हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




