
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर (मछलीशहर)। जनपद के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र स्थित चुंगी चौराहे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोकरहा गांव निवासी लगभग 25 वर्षीय शेषमणि अपने दो साथियों के साथ बाइक से किसी कार्य से जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जैसे ही वे चुंगी चौराहे के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शेषमणि ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए शेषमणि को जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।




