
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां निजी स्कूलों द्वारा डग्गामार वाहनों का धड़ल्ले से संचालन किया जा रहा है, जिससे बच्चों की जान जोखिम में डाली जा रही है।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बिना फिटनेस, बीमा और आवश्यक कागजातों के वाहन सड़कों पर फर्राटे भर रहे हैं। इन वाहनों का उपयोग स्कूली बच्चों को लाने और ले जाने के लिए किया जा रहा है, जो किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिवहन विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले को लेकर पूरी तरह से अनदेखी कर रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है, जबकि हकीकत में अवैध वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
यह स्थिति परिवहन विभाग के अभियान पर भी सवाल खड़े करती है। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद जागेगा, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई की जाएगी?




