
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक /जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के मारिकपुर बाजार में एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मझिली गांव निवासी आर्यन सिंह पुत्र संतोष सिंह बीते 28 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे घरेलू सामान खरीदने के लिए मारिकपुर बाजार गया था। इसी दौरान कन्हैया राजभर की मिठाई की दुकान के पास अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि अभिषेक वर्मा पुत्र अतुल वर्मा, विवेक राजभर पुत्र राहुल राजभर एवं उनके अन्य साथियों ने उस पर हमला करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान आर्यन को हाथ, सिर और नाक में गंभीर चोटें आईं।
शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक ने उपचार कराया और 29 मार्च को चंदवक थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद सहित 2अन्य पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




