
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शहर के व्यस्त इलाके मालवीय चौराहा के पास बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक चलती इनोवा कार में अचानक आग लग गई। घटना लंका थाना क्षेत्र की है, जहां कार में अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में वाहन में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। हालांकि कार में सवार लोगों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार इनोवा कार हैदराबाद गेट से रविंद्रपुरी की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन मालवीय चौराहे के समीप पहुंचा, तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए कार में सवार लोगों ने तुरंत वाहन रोक दिया और तेजी से बाहर निकलकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी।
घटना स्थल पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पानी और अन्य संसाधनों की व्यवस्था की और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ ही देर में कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो कार पूरी तरह जल सकती थी और आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
घटना के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
इस संबंध में लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि आग से वाहन के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।




