
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। जफराबाद थाना क्षेत्र के गोसाईपुर बाजार में दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक सहज जन सेवा केंद्र संचालक को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोसाईपुर बाजार निवासी प्रेमचंद यादव सहज जन सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। बुधवार को वह अपने केंद्र से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही प्रेमचंद यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे पुरानी रंजिश है या किसी अन्य वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद इलाके में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
फिलहाल घायल का वाराणसी में इलाज जारी है और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है




