
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक सामाजिक संस्था जय अंजली फाउंडेशन की शाखा से जुड़े सामान को कथित तौर पर बेच देने का मामला सामने आया है। संस्था के चेयरमैन ने चंदवक थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि संस्था की एक पूर्व पदाधिकारी और उसके सहयोगियों ने लाभार्थियों के लिए रखी गई सिलाई मशीन, साइकिल और लैपटॉप का दुरुपयोग किया।
मिली जानकारी के अनुसार जय अंजली फाउंडेशन (रजि. नं. UP85300UP2022 NPL162861) का मुख्य कार्यालय वाराणसी के मुनारी, चौबेपुर में स्थित है, जबकि इसकी एक शाखा जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी मोड़, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास संचालित होती थी। संस्था के चेयरमैन के अनुसार यहां कार्यरत कंचन सिंह, जो संस्था में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थीं, के माध्यम से लाभार्थियों को सिलाई मशीन, साइकिल और लैपटॉप वितरित किए जाने थे।
आरोप है कि 1 मई 2023 को कंचन सिंह और उनके कुछ सहयोगियों ने लाभार्थियों की परीक्षा कराए बिना ही संस्था की सिलाई मशीनों को बेच दिया तथा सदस्यता अभियान में भी लापरवाही बरती। संस्था को इस बात की जानकारी होने पर संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्हें संस्था की सदस्यता और पद से हटा दिया गया।
चेयरमैन का आरोप है कि संस्था के सेंटर पर रखी करीब 100 सिलाई मशीन, 10 लैपटॉप और 100 साइकिल संबंधित कर्मचारियों के कब्जे में थीं, जिन्हें वापस नहीं किया गया। प्रार्थना पत्र के अनुसार जब 2 जून 2023 को वह चंदवक बाजार स्थित कंचन सिंह के अस्थायी आवास पर इस संबंध में पूछताछ करने पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता की गई और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी द्वारा संस्था को बर्बाद करने की धमकी दी गई, जिसके कारण वह पहले शिकायत दर्ज नहीं करा सके। अब उन्होंने चंदवक थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार मुक़दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




