
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अनिल पाण्डेय
चन्दवक (जौनपुर)। चन्दवक थाना क्षेत्र के गोनौली (रामदेवपुर) गांव में गाय को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस घटना में एक महिला और उसके ससुर घायल हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोनौली गांव निवासी रामायण देवी पत्नी संतोष यादव ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि 14 मार्च की रात करीब 10 बजे उनके पट्टीदार सुजीत यादव पुत्र अमरजीत यादव उनकी गाय को मार रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गईं।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके ससुर अमरनाथ यादव को भी आरोपी ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी और वह दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद पीड़िता ने इलाज कराने के पश्चात मंगलवार को चन्दवक थाने में लिखित तहरीर दी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




