
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के शाहगंज क्षेत्र स्थित एक परिषदीय विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो महिला शिक्षिकाओं के बीच हुआ विवाद हाथापाई में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना 13 मार्च 2026 की सुबह की है। विद्यालय में किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी अचानक उग्र हो गई और दोनों शिक्षिकाएं बच्चों के सामने ही आपस में भिड़ गईं। कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं इस घटना से सहम गए और पढ़ाई का माहौल पूरी तरह प्रभावित हो गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने आरोप लगाया है कि सहायक शिक्षिका ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर मारपीट की। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान उन्हें चोटें आई हैं। मामले में उन्होंने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगा चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है, जो जांच के लिए अहम साक्ष्य साबित हो सकती है।
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि जहां बच्चों को अनुशासन और संस्कार सिखाए जाने चाहिए, वहां इस तरह की घटनाएं बेहद शर्मनाक और चिंताजनक हैं।




