
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता जौनपुर।
जौनपुर। में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकरारा थाना क्षेत्र के मघाईपुर गांव निवासी अश्वनी कुमार बिंद पुत्र उमा चंद बिंद अपने एक साथी के साथ बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वे नगर कोतवाली क्षेत्र के कटघरा इलाके से गुजर रहे थे, उसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अश्वनी कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।



