
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता: अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत विकास खंड के थानागद्दी बाजार से सोहनी गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क पिछले लगभग एक दशक से जर्जर हालत में है। करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ सतह होने के कारण आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। खासकर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान श्यामलाल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस सड़क की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आगामी 25 मार्च को जलालपुर-केराकत मुख्य मार्ग पर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और जाम लगाया जाएगा।
प्रदर्शन में श्यामलाल विश्वकर्मा, संतोष सिंह, दुर्गा प्रसाद शुक्ला, अजय सरोज, डब्बू मौर्य सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई रामसुधारे यादव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।




