
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न केवल इंसानियत को झकझोर दिया है, बल्कि ग्रामीण व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को हफ्तों तक पंचायत के जरिए दबाने की कोशिश की जाती रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के साथ कुछ समय पहले दुष्कर्म की घटना हुई थी। लेकिन इस जघन्य अपराध को सार्वजनिक करने के बजाय गांव स्तर पर ही पंचायत बैठाकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में इस पूरे मामले को दबाया जाता रहा और पीड़िता को न्याय से दूर रखा गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब किशोरी को अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान चौंकाने वाला सच सामने आया—नाबालिग गर्भवती थी। यह जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
इसके बाद परिजनों ने पंचायत के बजाय पुलिस का सहारा लेने का फैसला किया और केराकत कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपी सहित तीन पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।




