
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी /जौनपुर। विकास खंड क्षेत्र के हटवा गांव में खलिहान की जमीन पर कथित तौर पर कूड़ाघर बनाए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। गांव के दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने खलिहान की जमीन पर मनमाने ढंग से कूड़ाघर बनवा दिया है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खलिहान की जमीन गांव के किसानों की सामूहिक उपयोग की जगह होती है, जहां फसल कटने के बाद अनाज सुखाने और भूसा-पराली रखने का कार्य किया जाता है। लेकिन कूड़ाघर बनने से अब किसानों के लिए उस जमीन का उपयोग करना मुश्किल हो गया है।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने मनरेगा योजना के तहत बने पंचायत भवन के निर्माण कार्य पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि भवन में लगाई गई टाइल्स कुछ ही समय में उखड़ने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पंचायत भवन की खराब टाइल्स की मरम्मत कराई जाए और खलिहान की जमीन पर बनाए गए कूड़ाघर को हटाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।




