
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मड़ियाहूँ थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित अभियुक्त को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मड़ियाहूँ पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थी।
इसी दौरान पाली बाजार क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि शिवम राजभर उर्फ गोलू निवासी मंझनपुर अपने एक साथी के साथ केडवारी की ओर अवैध असलहे के साथ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केडवारी मोड़ पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार भागने लगे, लेकिन अनियंत्रित होकर गिर पड़े। पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक अभियुक्त के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवम राजभर उर्फ गोलू (21 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सीएचसी मड़ियाहूँ भेजा गया है।
पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP62DJ3466) बरामद की है।
फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




