
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकुंदपुर निवासी 30 वर्षीय सुनीता पटेल की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। महिला का शव मिलने के बाद कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि मृतका की नाक कटी हुई थी और गले पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
इस घटना को लेकर अब बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि यह मामला हादसा है, आत्महत्या या फिर हत्या।
मृतका की मां शीला देवी ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि “मेरी बेटी की हत्या की गई है।” परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर इस घटना में शामिल होने की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की बात कही जा रही है।




