
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। धर्मापुर क्षेत्र के केशवपुर गांव स्थित प्राचीन हनुमान जी मंदिर के पास संचालित एक मैरिज हॉल की लापरवाही से स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि मैरिज हॉल में आयोजित शादी समारोहों के बाद बचा हुआ भोजन और सब्जियां मंदिर के बगल में ही फेंक दी जाती हैं, जिससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सड़े हुए भोजन की बदबू के कारण श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी वहां रहना मुश्किल होता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार मैरिज हॉल संचालक से शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि मैरिज हॉल का संचालन बिना आवश्यक मानकों के किया जा रहा है। न तो पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है और न ही कचरा निस्तारण की कोई समुचित व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सड़े भोजन से उठ रही दुर्गंध के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मैरिज हॉल संचालक के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि मंदिर परिसर की पवित्रता और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रह सके।



