
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत /जौनपुर। डोभी ब्लॉक की ग्राम सभा हटवाँ में विकास कार्यों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम प्रधान के पति पर खड़ंजा निर्माण में मानकों की अनदेखी करने और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कराए जा रहे खड़ंजा निर्माण में घटिया गुणवत्ता की सेम ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का निर्माण कार्य ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा और इससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि गांव में लगे सरकारी हैंडपंप के रिबोर के लिए स्वीकृत धनराशि लाभार्थी के खाते में नहीं भेजी गई है। बताया जा रहा है कि लाभार्थी सोम प्रकाश उपाध्याय को अब तक रिबोर की राशि नहीं मिली है।
इस मामले को लेकर उषा देवी और गोपाल उपाध्याय ने खंड विकास अधिकारी डोभी को लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने घटिया खड़ंजा निर्माण को हटवाकर मानक के अनुसार अच्छे गुणवत्ता की ईंटों से दोबारा निर्माण कराने की भी मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच में क्या सच्चाई सामने आती है। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




