
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में Dr. अनंत नारायण सिंह की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा मिर्ज़ामुराद क्षेत्र में नेशनल हाईवे 19 पर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त कार में सवार Dr. अनंत नारायण सिंह, उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षाकर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, Dr. अनंत नारायण सिंह अपने रामनगर किले से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ प्रयागराज की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला मिर्जामुराद के पास हाईवे पर पहुंचा, पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही मिर्ज़ामुराद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया।
जैसे ही स्थानीय लोगों को पता चला कि कार में काशी नरेश Dr. अनंत नारायण सिंह सवार थे, मौके पर उन्हें देखने और हालचाल जानने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
इस हादसे में किसी के घायल न होने से सभी ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है।




