न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मोटरसाइकिल की चाबी को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्दीकपुर निवासी शिवशंकर गौतम (पुत्र स्व. राजकुमार गौतम) गुरुवार को अपनी मां से मोटरसाइकिल की चाबी मांग रहा था। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि मां द्वारा चाबी देने से इनकार करने पर गुस्से में आकर युवक ने अपनी ही मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल लिया और उसे अपने ऊपर डालकर आग लगा ली।
युवक को आग की लपटों में घिरा देख उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने युवक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।




