
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मयारी गांव में घर से लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी का शव चौथे दिन शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नहर की झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मयारी गांव निवासी गोल्डी (15) पुत्री राम अचल बुधवार पूर्वाह्न किसी बात से क्षुब्ध होकर घर से निकल गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि घर से लगभग दो सौ मीटर दूर गुजर रही शारदा नहर की पुलिया पर उसे बैठे हुए देखा गया था। इसके बाद से परिजन नहर में कूदने की आशंका जता रहे थे।
मामले की सूचना मिलने पर सरपतहा पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर परिजनों के साथ किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी।
शनिवार सुबह घर से करीब पांच किलोमीटर दूर नहर की झाड़ियों में किशोरी का शव फंसा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




