
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के नई बाजार में काशी गोमती ग्रामीण बैंक के समीप स्थित कोमल ऑटो पार्ट एवं गैरेज की दुकान में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने आगजनी की सनसनीखेज घटना को अंजाम दे दिया। नकाबपोश बदमाशों ने दुकान में खड़ी एक बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जो देखते ही देखते विकराल रूप धारण करते हुए करीब दो दर्जन से अधिक वाहनों तक फैल गई। इस घटना में 15 से 20 वाहन समेत कई मोटर पार्ट्स जलकर राख हो गए, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी दौरान मकान मालिक ने फोन कर दुकानदार को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और स्थिति देखकर तुरंत पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात घटना का पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रात करीब 11:15 बजे दो नकाबपोश युवक हाथ में पेट्रोल लेकर दुकान के पास पहुंचते हैं। इनमें से एक युवक बाइक पर पेट्रोल छिड़कता है, जबकि दूसरा माचिस से आग लगा देता है। आग लगते ही वहां खड़ी अन्य गाड़ियां भी उसकी चपेट में आ जाती हैं और धू-धू कर जलने लगती हैं।
पीड़ित ने दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस पीड़ित अवनीश कुमार पुत्र अच्छे लाल, निवासी सरौनी पश्चिम पट्टी, नई बाजार में ऑटो गैरेज की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रोज की तरह वह शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब सवा 11 बजे उन्हें दुकान में आग लगाने की सूचना मिली।
शनिवार को पीड़ित ने तहसील दिवस में पहुंचकर अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




