
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शहर के व्यस्त व्यापारिक इलाके में शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पान कारोबार से जुड़े एक बड़े व्यवसायी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुरा मोहल्ले की है, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लहंगपुरा निवासी राजेश चौरसिया (53 वर्ष) शहर के प्रसिद्ध पान बाजार नया पान दरीबा में पान, सिगरेट और पान मसाले के बड़े व्यवसायी थे। उनका कारोबार लंबे समय से इस बाजार में स्थापित था और परिवार आर्थिक रूप से भी काफी संपन्न माना जाता है। ऐसे में उनके इस कदम से परिवार और इलाके के लोग स्तब्ध रह गए।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर चेतगंज थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मौके पर थाना प्रभारी वीके शुक्ला और पान दरीबा चौकी प्रभारी रोहित तिवारी ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।




