
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अनिल पाण्डेय
मोड़ईला /जौनपुर। जनपद जौनपुर के विकास खण्ड केराकत क्षेत्र में पंचायत भवनों की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। न्यूज़ खबर इंडिया की टीम द्वारा क्षेत्र में पंचायत भवनों के संचालन, साफ-सफाई और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर पड़ताल की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत रामगढ़ और बलुआ के पंचायत भवनों की स्थिति चिंताजनक पाई गई।
पड़ताल के दौरान जब टीम ग्राम पंचायत रामगढ़ पहुंची तो पंचायत भवन में ताला लटका मिला, जबकि भवन का मुख्य गेट खुला हुआ था। भवन के ठीक सामने कूड़े का अंबार लगा हुआ था, जिससे साफ-सफाई व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई। वहीं परिसर में स्थित शौचालय भी गंदगी से भरा मिला।
इसके अलावा पंचायत भवन परिसर में गेहूं तिरपाल पर फैलाकर रखा गया था। भवन के सामने ही उपलों (गोबर के कंडों) का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति या सफाई कर्मी मौजूद नहीं मिला।
इस संबंध में जब न्यूज़ खबर इंडिया की टीम ने ग्राम प्रधान शकुंतला देवी से उनके मोबाइल नंबर 9451119760 पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
वहीं जब टीम बलुआ ग्राम पंचायत भवन पहुंची तो वहां भी पंचायत भवन में ताला लगा हुआ मिला, हालांकि एक खिड़की खुली हुई थी। कमरे के अंदर ब्लैकबोर्ड, कॉपी, पेंसिल और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी सामग्री रखी हुई दिखाई दी। स्थानीय लोगों के अनुसार भवन में गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा 10 से 15 बच्चों को बुलाकर कोचिंग भी पढ़ाई जाती है।
पंचायत भवन परिसर में यहां भी उपलों का निर्माण होता देखा गया। इस संबंध में जब ग्राम प्रधान विनय से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि भवन में कुछ निर्माण कार्य बाकी है और कार्य जारी है। हालांकि साफ-सफाई और सफाई कर्मी की व्यवस्था को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
क्षेत्र में पंचायत भवनों की इस स्थिति ने सरकारी व्यवस्थाओं और ग्राम विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं




