
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आज़मगढ़/फूलपुर। जनपद के फूलपुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हथिनौरा शनिवार को उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की समझाइश से मामला शांत कराया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन “हर घर जल” योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सामग्री की सुरक्षा के लिए गांव निवासी कमलेश यादव (44) पुत्र राम दवर यादव को रखवाली की जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि कार्य समाप्त होने के बाद ठेकेदार द्वारा ग्राम प्रधान कुंजन और उनके प्रतिनिधि सुग्रीव से रखरखाव के लिए किसी अन्य व्यक्ति को रखने की बात कही गई। इसी बीच कमलेश यादव को आशंका हो गई कि उसे काम से हटा दिया जाएगा।
शनिवार सुबह कमलेश यादव पहले फूलपुर ब्लॉक और जल जीवन मिशन के कर्मचारियों से मिला, लेकिन इसके बाद वह सीधे गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया और ऐलान करने लगा कि यदि उसे हटाया गया तो वह कूदकर अपनी जान दे देगा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुग्रीव, थाना फूलपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगा राम बिंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।
करीब सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े ग्यारह बजे तक चले लगातार प्रयास के बाद, प्रधान प्रतिनिधि द्वारा आश्वासन दिए जाने पर कमलेश यादव टंकी से नीचे उतर आया। इस दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बताया कि वह स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके थे, लेकिन एसएसआई टीम मौके पर मौजूद थी। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा काम से हटाए जाने की आशंका के चलते कमलेश यादव ने यह कदम उठाया था।




